दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में आज सुबह एक फैक्ट्री में बॉयलर फट गया और आग भड़कने से 2 लोग जिंदा जलकर मर गए। वहीं 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। धमाका इतना जोरदार था कि आस-पास खड़ी इमारतें और मकान हिल गए।
धमाका होने से कई लोगों के घरों में दरारें तक आ गईं हैं। धमाके की आवाज सुनकर लोगों का दिल दहल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बॉयलर रात करीब ढाई बजे फटा और सुबह तक आग बुझाने का काम चलता रहा। पुलिस विभाग की टीमें भी हादसास्थल पर पहुंचीं। बॉयलर फटने के कारणों की जांच जारी है। शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की आशंका है।
पुलिस, फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री मालिक मौके पर पहुंचे
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुग्राम के दौलताबाद में गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास बने इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ। बॉयलर फटते ही फैक्ट्री में चीख पुकार मच गई। चिल्लाने की आवाजें सुनकर आस-पास रहने वाले लोग दौड़े आए। उन्होंने तुरंत बचाव अभियान चलाया और घायलों को धधकती आग से निकाला। लोगों ने ही अग्निकांड की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
जानकारी मिलते ही आधे घंटे के अंदर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फैक्ट्री के मालिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को कंपनी की तरफ हर संभव मदद उपलब्ध कराई। फैक्ट्री में फायरबॉल बनाए जाते हैं। वहीं धमाका फटने से लगी आग की चपेट में साथ लगती 2 और फैक्ट्री आ गई थीं।